नई दिल्ली (एडीएनए)
मेरठ की बेटी आस्था पुनिया ने आसमान में उड़ने का इतिहास रच दिया। नौ सेना की पहली महिला फाइटर बनी आस्था ने अपने परिजनों के साथ-साथ देश को भी गौरवान्वित कर दिया है। सब लेफ्टिनेंट आस्था नौसेना के मिग-29 जैसे उन्नत फाइटर प्लेनों को उड़ाएंगी। अभी तक नौसेना के टोही विमान और हेलीकॉप्टर स्ट्रीम में महिला पायलट मौजूद हैं, लेकिन यह पहली बार होगा, जब कोई बेटी लड़ाकू विमान उड़ाएगी। भारतीय नौसेना ने एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। फाइटर पायलट बनने के लिए एक साल की आस्था की ट्रेनिंग होगी। यह परीक्षण पूरा होने के बाद वे नौसेना के मिग-29के जैसे उन्नत फाइटर जेट्स उड़ाएंगी, जो एयरक्राफ्ट कैरियर पर तैनात होते हैं।
क्या है विंग्स ऑफ गोल्ड : नौसेना में दिया जाने वाला यह एक प्रतिष्ठित पुरस्कार है। यह पुरस्कार बेहतर प्रदर्शन करने वाले पायलटों को दिया जाता है। इस पुरस्कार के लिए नौसेना के हॉक विमान पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करना होता है।