नई दिल्ली (एडीएनए)।
आपने हवाई यात्रा के दौरान गौर किया होगा कि जहाजों में VT लिखा होता है। आखिर इसका क्या मतलब होता है। यह एक कोड होता है। आइए आपको बताते है इसका मतलब।
जैसे-जैसे हवाई सेवाओं ने प्रगति की वैसे-वैसे प्रतिस्पर्धाएं भी बढ़ती गईं। वैश्विक स्तर तक कई देश इसे अपनी प्रगति का हिस्सा मानने लगे। यह जरूरत महसूस की जाने लगी कि हवाई जहाजों की भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान हो। इसके लिए विमानन कंपनियों ने तय किया कि हर देश के विमान का अपना एक कोड होना चाहिए।
हर देश में रजिस्टर्ड विमानों को एक यूनीक कॉल साइन यानी विशेष कोड आवंटित जाए जिससे उनके देश की पहचान की जा सके। साल 1927 में भारत के लिए इंटरनेशनल रेडियोटेलिग्राफ ऑफ वॉशिंगटन में VT कॉल साइन आवंटित किया गया था। तब से भारतीय विमानों पर VT लिखा जाने लगा और यह कोड देश की पहचान भी बना। इसी तरह अमेरिका का कॉल साइन N है जबकि रूस का RA है। VT साइन एलॉट करते समय भारत अंग्रेजों का गुलाम था। इस वजह से अंग्रेजों ने VT को चुना जिसका तत्कालीन मतलब विक्टोरियन/वायसराय टेरिटरी हुआ करता था।