मुंबई (एडीएनए)।
जहाज में कॉकरोच होने की शिकायत यात्रियों ने की तो जांच व्यवस्था और साफ-सफाई की कलई खुल गई। हालांकि एयरलाइन ने असुविधा के लिए यात्रियों से मांफी मांग इस मामले को रफा-दफा कर दिया। दरअसल, एअर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान के यात्रियों ने विमान में कॉकरोच होने की शिकायत की तो कोलकाता हवाई अड्डे पर तेल लेने के लिए उतरे विमान की सफाई कराई गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह उड़ान 'बोइंग 777' विमान से संचालित की गई थी। इस संबंध में एयरलाइन के प्रवक्ता जानकारी देते हुए बताया कि सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या एआई180 में दो यात्रियों ने विमान के अंदर कॉकरोच होने की शिकायत की। शिकायत के आधार पर दोनों यात्रियों को दूसरी सीट दे दी गई। कोलकाता हवाई अड्डे पर विमान तेल लेने के लिए उतरा तो क्रू मेंबर्स ने विमान की साफ-सफाई कराई। इसके बाद विमान ने मुंबई के लिए उड़ान भरी। कॉकरोच की जानकारी पर अन्य यात्रियों ने आपत्ति जताई। यात्रियों ने कहा कि यह तरह की घटनाएं सुरक्षा पर सवालिया निशान भी लगाती हैं। हालांकि एयरलाइन ने इस संबंध में माफी मांगने हुए असुविधा के लिए खेद जताया है।