नई दिल्ली (एडीएनए)।
चीन के साथ तल्खी के बीच एक राहत भरी खबर है। इंडिगो एयरलाइंस भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू कर सकता है। एविएशन से जुड़े जानकारों का कहना है कि दोनों देशों के बीच विमान सेवाओं की बहाली से संबंधित बातचीत अंतिम चरण में है। विमानन कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना महामारी से पहले इंडिगो भारत और चीन के बीच रोज की उड़ानें संचालित करती थी। दोनों देशों के बीच यह सेवा फिर से बहाल होगी। इसके लिए बातचीत करीब-करीब फाइनल हो गई है। जल्द ही इस पर मुहर लगने की उम्मीद है। संभवत: अगले महीने से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। साल 2020 में गलवान घाटी में हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्ते में काफी कड़वाहट बढ़ गई थी। कोरोना महामारी से पहले दोनों देशों के बीच हर महीने करीब 539 सीधी उड़ानें हुआ करती थीं। अगस्त के अंत में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान इसकी घोषणा हो सकती है। भारत सरकार ने 24 जुलाई से चीनी पर्यटकों को फिर से वीजा देना भी शुरू कर दिया है।