नई दिल्ली (एडीएनए)।
हिंद महासागर में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान का दखल बढ़ता जा रहा है। चीन ने पाकिस्तान को आठ नई उन्नत हंगोर-श्रेणी की पनडुब्बियों में से तीसरी पनडुब्बी सौंपी है। बीजिंग का यह कदम इस्लामाबाद की नौसैनिक ताकत को उन्नत कर भारत के निकटवर्ती क्षेत्र हिंद महासागर में पाकिस्तान की बढ़ती उपस्थिति को समर्थन देना है। भारत के लिए यह चिंता की भी बात है। चीन के वुहान में जलावरण समारोह में यह पनडुब्बी पाकिस्तान को सौंपी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स में छपी खबरों की मानें तो चीन द्वारा पाकिस्तान के लिए बनाई जा रही आठ पनडुब्बियों में से दूसरी पनडुब्बी इस साल मार्च में सौंपी गई थी।
यह उन चार आधुनिक नौसैनिक लड़ाकू पोत के अतिरिक्त हैं, जिन्हें चीन ने पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान को दिया है। चीन की यह आपूर्ति अरब सागर में अपने देश की नौसेना के लगातार विस्तार और पाकिस्तान की ताकत बढ़ाना भारत के लिए चिंता की बात है। चीन ने साल 2022 में पाकिस्तानी वायुसेना को जे-10सीई लड़ाकू विमानों की पहली खेप सौंपी थी, जो दोनों देशों द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित जेएफ-17 लड़ाकू विमानों के अतिरिक्त है। पाकिस्तान ने भारत के साथ हालिया संघर्ष में इन्हीं लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया था।